
हनुमानगढ़ । पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समाज के वरिष्ठ सदस्य सोहनलाल हरकिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया तथा कल 1 मार्च 2026, रविवार को आयोजित होने वाले होली स्नेह मिलन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। यह आयोजन आशीर्वाद मैरिज पैलेस में आयोजित किया जाएगा। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज, हनुमानगढ़ की जिला स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया जाना आवश्यक है। इसी क्रम में निर्णय लिया गया कि होली स्नेह मिलन कार्यक्रम के दौरान ही पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज जिला हनुमानगढ़ की नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की जाएगी। समाज के लोगों ने इस पहल को संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। होली स्नेह मिलन कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दयाल राम चकेणिया गोभगत होंगे, जो झालावाड़ से पधारेंगे। वशिष्ठ अतिथि के रूप में विशन ढिलवाड़ी उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में अशोक झालामंड सिनावड़िया, जोधपुर से अपने विचार रखेंगे। इसके अतिरिक्त अतिथि के रूप में खेताराम प्रजापति सिनावड़िया, पूर्व पार्षद जोधपुर, तथा प्रसिद्ध कॉमेडियन गौरी शंकर एणिया चोहिलावाली भी स्नेह मिलन में शिरकत करेंगे। बैठक के दौरान समाज में बढ़ रही कुरीतियों पर भी गंभीर चर्चा की गई। समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपने-अपने विचार रखते हुए सामाजिक सुधार, शिक्षा, आपसी एकता और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा बढ़ता है और संगठनात्मक मजबूती मिलती है। इस बैठक में राजेंद्र एणिया, शंकर लाल तेहनगरिया, रोहिताष मोरवाल, मोहनलाल ओड़िया, दुलीचंद जगरवाल, गोपी राम ऊटवालिया, गिरधारी लाल हरकिया, भैराराम मोरवाल, विनोद कचावड़िया, हरिराम हरकिया, त्रिलोक एणिया, सुखदेव ऊटवालिया, मदन तेनगरिया, लेखराम तेनगरिया, बनवारी लाल काम्बिया, कानाराम काम्बिया सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने कल होने वाले होली स्नेह मिलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
