
हनुमानगढ़। संकट मोचन बालाजी धाम परिसर स्थित श्री श्याम मंदिर हनुमानगढ़ धाम में आयोजित दो दिवसीय श्री श्याम फाग महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। 27 फरवरी को भव्य भजन संध्या के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई, जबकि 28 फरवरी को विशाल भंडारे के आयोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। दोनों दिनों में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर रहा।
27 फरवरी शुक्ल पक्ष एकादशी की रात्रि 9 बजे ज्योत प्रज्वलन के साथ भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। आकर्षक दरबार सजाकर बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। भजन गायकों ने देर रात तक श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इत्र वर्षा और फूलों की होली के साथ भक्तिमय धमाल ने वातावरण को और भी अलौकिक बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर “श्याम नाम” के जयघोष से गूंज उठा। भजन संध्या के समापन पर बाबा की आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।
महोत्सव के दूसरे दिन 28 फरवरी को प्रातः विशेष पूजा-अर्चना के साथ बाबा को खीर, चूरमा, कड़ी-खिचड़ा, पूरी-सब्जी सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
आयोजन समिति के महासचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि फाग महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों ने मिलकर जिम्मेदारियां निभाईं। व्यवस्थाओं में जुटे स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आस्था और विश्वास के इस पर्व ने समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया है।
समिति अध्यक्ष सुमित रणवां ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इसी तरह भविष्य में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा। दो दिवसीय यह महोत्सव भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में धनुज रणवा, भारत भूषण कौशिक, प्रवीण चिरंजी परमार, बबीता, सुशील शर्मा, हनुमान बेनीवाल, अरुण अग्रवाल, पवन अग्रवाल, सुरेंद्र बंसल, शेरपाल सिंह, नरेश शर्मा, बनवारी कूकना, रामगोपाल गोदारा, गुरचरण धुड़िया, पुरुषोत्तम सोनी, मलकीत मान, संदीप बिंदल, नीरज कुमार, मोहित बलाडिया, पंडित विकास शर्मा, राजकुमार कार्याणि पंडित मनोज शर्मा, संजय गुप्ता, गगन नागपाल साहिल सेतिया , विक्की , शुभम , विक्रम, मनीष ,महावीर ,कौशल,गौरव शर्मा ,भव्य का सहयोग रहा।
