
हनुमानगढ़। राजवी पैलेस में एक शादी समारोह से नकदी और आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया। यह घटना 21 फरवरी की रात को हुई। टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 6 निवासी सुदेश गोयल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे कुनाल गोयल का विवाह समारोह राजवी पैलेस में आयोजित किया गया था। चोरी की घटना से पहले पीड़ित ने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सुदेश गोयल स्वागत द्वार के पास खड़े थे, इस दौरान उनका बैग गैलरी में रखे सोफासेट पर था। बैग में लिफाफों में पैक करीब 2 लाख रुपए नकद रखे थे। इसके अलावा एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी की 2 जोड़ी पायजेब (चुटकी), 20 ग्राम और 10 ग्राम के 2 चांदी के सिक्के, तथा 10, 20, 50 और 100 रुपए के नए नोटों की एक-एक गड्डी भी बैग में मौजूद थी। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात चोर बैग लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी सूत्रों के अनुसार, घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। हालांकि, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई कमलजीत सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही है।
