
हनुमानगढ़ । राजीविका के स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए “हनुमानगढ़ हाट एंड क्राफ्ट” नामक डिजिटल चैनल का शुभारंभ किया गया है। इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर उपलब्ध इस प्लेटफॉर्म का पोस्टर विमोचन जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने राजसखी मेला प्रांगण में किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, जिला परियोजना प्रबंधक वैभव अरोड़ा, राजीविका स्टाफ और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं। अधिकारियों ने इस पहल को स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
डिजिटल चैनल पर जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की विस्तृत कैटलॉग उपलब्ध है। इनमें शहद, लकड़ी के खिलौने, लोहे के बर्तन, जूट के उत्पाद, मसाले और दलिया जैसे घरेलू उपयोग के सामान शामिल हैं। उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन करके चैनल से जुड़ सकते हैं और सीधे ऑर्डर दे सकते हैं।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि यह पहल महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से उत्पादों का प्रचार-प्रसार आसान होगा और बिचौलियों की भूमिका कम होगी। भविष्य में जिले के अन्य स्थानीय उत्पादों को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे अधिक से अधिक समूहों को लाभ मिल सके।
राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि ऑनलाइन माध्यम से उनके उत्पादों को नया बाजार मिलेगा और आमजन को भी स्थानीय स्तर पर बने गुणवत्तापूर्ण सामान आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
