
श्रीगंगानगर । पदमपुर-श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे पर स्थित 18 बीबी टोल नाके को हटाने की मांग को लेकर टोल संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है।
गुरुवार को प्रशासन और संघर्ष समिति के बीच हुई वार्ता में सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि टोल प्लाजा का निर्धारित समय पूरा हो चुका है, इसके बावजूद वसूली जारी है, इसलिए टोल बूथ को हटाने की मांग की जा रही है। मौके पर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।

ट्रक यूनियन ने भी किसानों को समर्थन दिया है।
वार्ता में नहीं बनी सहमति, लिखित आश्वासन की मांग गुरुवार को प्रशासन और संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन इसमें कोई सहमति नहीं बन सकी।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। देर रात तक भी लोग सड़क पर ही धरने पर बैठे रहे।
ट्रक यूनियन ने दिया समर्थन आंदोलन को ट्रक यूनियन ने भी समर्थन दिया है। यूनियन के सदस्य भी धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े रहे और टोल नाके को हटाने की मांग का समर्थन किया।

धरनास्थल पर पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है।
पुलिस ने रूट डायवर्ट किया, अधिकारी मौके पर मौजूद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रीकरणपुर सर्कल से पुलिस का भारी जाब्ता तैनात किया गया है। सीओ पुष्पेंद्र सिंह, तहसीलदार जितेंद्र सिंह और पदमपुर थाना प्रभारी सीआई सुमन जयपाल सहित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। वाहनों की आवाजाही बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई जगह नाके लगाकर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया है।
धरनास्थल पर लंगर की व्यवस्था, दूसरी वार्ता की उम्मीद प्रदर्शन स्थल पर आंदोलनकारियों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है ताकि लोग धरने पर डटे रह सकें। टोल संघर्ष समिति के सदस्य सुखवीर सिंह फौजी, रविंद्र तरखान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी धरने पर बैठे हैं। प्रशासन और समिति के बीच दूसरे दौर की वार्ता होने की उम्मीद जताई जा रही है।
