
हनुमानगढ़ । गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के नेठराना गांव में 12 साल के अभिषेक शर्मा की हत्या के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर को गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
नागरिक सुरक्षा, संरक्षण एवं जागृति संस्थान और सर्व ब्राह्मण महासभा हनुमानगढ़ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि लगभग 20 दिन पहले भादरा तहसील के नेठराना गांव में अज्ञात व्यक्तियों ने अभिषेक शर्मा की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्यारों ने शव को एक कुएं में फेंक दिया था। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
संगठनों ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे क्षेत्रवासियों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पुलिस और प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
संगठनों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने गृह मंत्री से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए और इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
इस दौरान देवदत्त भिड़ासरा, विजय कौशिक, इन्द्राज गोदारा, रमेशचंद्र जोशी, बहादुर स्वामी, बलराम भिड़ासरा, नरेश पारिक, दुर्गा प्रसाद शर्मा, रामकुमार कसवां, यशवंत बोहरा, अमरीक सिंह, राजेंद्र, ओम गोदारा, रामानंद बोहरा, मनोज अरोड़ा, सोमप्रकाश शर्मा, नूर आलम, पुष्पा वर्मा, वरिंद्र गुप्ता, संजयपाल गोदारा, आशीष भिड़ासरा, मदनलाल मुंड, लोकेश शर्मा, चंद्रभान और भीम खिलेरी सहित कई लोग मौजूद थे।
