
हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति द्वारा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक विशेष महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से किया गया। अभियान की शुरुआत समिति की महिला अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में की गई, जिसमें समाज की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें राजस्थान सरकार और पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा इन नंबरों को अपने मोबाइल फोन में सेव करवाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राजस्थान पुलिस के राजकोप (RajCop) एप के “नीड हेल्प” सेक्शन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
इस दौरान महिलाओं को गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा साइबर अपराधों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। उपस्थित महिलाओं को यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी या अन्य अपराध की स्थिति में बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।
समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रत्येक महिला और बेटी तक पहुंच बनाकर उन्हें निडर और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई सख्त कानून और व्यवस्थाएं मौजूद हैं, लेकिन इन कानूनों की जानकारी और उनके सही उपयोग के प्रति जागरूकता का अभाव अभी भी एक बड़ी चुनौती है।
उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएं स्वयं अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक नहीं होंगी, तब तक महिला सशक्तिकरण अधूरा रहेगा। इसलिए जरूरी है कि महिलाएं अपने अधिकारों को समझें, आत्मविश्वास के साथ उनका उपयोग करें और किसी भी अन्याय या अपराध के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे न हटें।
सुनीता अग्रवाल ने बताया कि समिति का लक्ष्य इस अभियान को केवल महिला दिवस तक सीमित न रखते हुए एक व्यापक जनजागरूकता आंदोलन का रूप देना है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि यदि समाज मिलकर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रयास करे, तो निश्चित रूप से एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष अनुपमा विजय, संरक्षक सुमन चावला, सचिव मोनिका जिंदल, कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, संगठन मंत्री विनीता सिंगला, पुष्पा सारस्वत, समिति सलाहकार अमृत गोयल, श्यामसुंदर झंवर, कोमल कुमार, सुदर्शन गुप्ता, तृप्ता देवी, संगीता सोनी, पूजा सिंगला, आरती अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, गायत्री डालिया, सुमन कसवां, रेखा सिंगला सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।
