
हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र व इंनरव्हील क्लब द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। सेमिनार में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉक्टर अर्चना गोदारा और एडवोकेट सुचेता जैन थीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. अर्चना गोदारा ने कहा कि आज के समय में महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। वहीं डॉ. सुचेता जैन ने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही परिवार और समाज के विकास की मजबूत आधारशिला होती है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों को जानने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉक्टर सुमन चावला, डॉक्टर ऊषा बंसल, मीना बंसल और प्रोफेसर अनीता थे। सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की भूमिका समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरा केंद्र अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र हमेशा से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस जागरूकता सेमिनार का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी सशक्त पहचान बना सकें।
उन्होंने कहा कि जब महिलाएं जागरूक और सशक्त होंगी तो परिवार, समाज और देश का विकास भी तेज गति से होगा। कंचन गुप्ता ने सभी वक्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से महिलाओं को नई प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी वक्ताओं से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। इस अवसर पर महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
अंत में इनरव्हील क्लब अध्यक्ष मीना गर्ग द्वारा सभी अतिथियों और वक्ताओं का सम्मान किया गया तथा कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सेमिनार के माध्यम से महिलाओं को आत्मविश्वास, जागरूकता और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
