
हनुमानगढ़ । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को हनुमानगढ़ आएंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में वे शामिल होंगे। जंक्शन स्थित धान मंडी में जनसभा होगी। सीएम के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा पुख्ता तैयारियां की गई है।
भाजपा पदाधिकारी भी सीएम के दौरे को सफल बनाने में जुटे हैं। सीएम बनने के बाद भजनलाल शर्मा तीसरी बार हनुमानगढ़ आ रहे हैं। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए सीएम आए थे। अप्रैल 2025 में उन्होंने हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में नहरी क्षेत्र का दौरा किया था।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से राजीव गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे। 1.10 बजे जंक्शन धान मंडी में आयोजित होने वाले समारोह में भाग लेंगे। कृषि उपज मंडी में लगाई गई विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। 2.40 बजे वे यहां प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी तथा जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, अन्य मंत्री भी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजना के लाभार्थियों के खातों में डीबीटी से सहायता राशि भी हस्तांतरित की जाएगी।
सभास्थल के लिए प्रवेश द्वार तय किए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर वाहनों के प्रवेश को लेकर धान मंडी में प्रवेश द्वार तय किए गए हैं। श्रीगंगानगर, सादुलशहर, अबोहर की तरफ से आने वाले वाहन धान मंडी जंक्शन के गेट नंबर 8, 9 व 10 से प्रवेश करेंगे। सूरतगढ़, पीलीबंगा, चूरू, बीकानेर, नोहर, भादरा, पल्लू, रावतसर, संगरिया-टिब्बी से आने वाले वाहन धान मंडी के गेट नंबर 1, 2, 9 व 10 से प्रवेश करेंगे। करणी चौक से लाल चौक तक वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। सिविल लाइन चौक से सर्किट हाउस टी-पॉइंट तक वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। तिलक सर्किल से जिला परिषद रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आपातकालीन सेवाओं के लिए प्रवेश निषेध नहीं रहेगा।
