
श्रीगंगानगर। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे श्रीगंगानगर जिले में अब मई जैसी तपिश महसूस होने लगी है। मार्च का पहला सप्ताह ही खत्म होने को है और अधिकतम तापमान लगातार 36 डिग्री के पार दर्ज हो रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 पर आ गया।

दिन के समय तेज धूप सताती है।
न्यूनतम 19.1 डिग्री रिकार्ड
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम 19.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। तेज धूप के कारण अब घरों में एसी, पंखे चालू हो गए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर में बने एंटी-साइक्लोन के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाएं सीधे पाकिस्तान की तरफ से आ रही हैं। इससे आसमान साफ रह रहा है और गर्मी तेज हो रही है।
आगे गर्मी और बढ़ने की संभावना
शुक्रवार को प्रदेश में चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचा। श्रीगंगानगर के अलावा बाड़मेर, चूरू, जोधपुर जैसे इलाकों में भी तापमान 36-38 डिग्री के बीच पहुंच चुका है। मार्च के पहले सप्ताह में मौसम ड्राई बना रहेगा और आगे गर्मी में और इजाफा होने की संभावना है।
