
हनुमानगढ़ ।संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में सफल रहीं गरिमा शर्मा को हनुमानगढ़ टाउन स्थित टाइम्स महिला शिक्षा महाविद्यालय में सम्मानित किया गया। कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ ने गरिमा को स्मृति चिन्ह भेंट कर बधाई दी।
गरिमा शर्मा ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 460वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शहर में खुशी का माहौल है और विभिन्न संस्थाओं द्वारा उनका सम्मान किया जा रहा है।
कॉलेज के चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा ने इस अवसर पर कहा कि हनुमानगढ़ जैसे छोटे शहर से निकलकर आईएएस में चयन होना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने गरिमा की सफलता को क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। डॉ. लड्ढा ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह उपलब्धि जिले की सशक्त नारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रामप्रताप जांगू ने गरिमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से प्रशासनिक सेवा में स्थान प्राप्त कर हनुमानगढ़ को गौरवान्वित किया है।
पिता और चाचा का भी हुआ सम्मान इस सम्मान समारोह में गरिमा के पिता वरिष्ठ पत्रकार पृथ्वीराज शर्मा और चाचा दीपेंद्र शर्मा को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे परिवार का सहयोग और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में कॉलेज के सहायक आचार्य शीतल गांधी, जगसीर सिंह बराड़, लालचंद कस्वां सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। गरिमा के परिजन भी समारोह में मौजूद रहे और सभी ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
