
हनुमानगढ़ । संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली शहर की गरिमा शर्मा को बधाई देने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग उनके निवास पर पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
गरिमा शर्मा वरिष्ठ पत्रकार पृथ्वीराज शर्मा की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शहर में हर्ष का माहौल है। लोगों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता के लिए वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य आवश्यक है। उन्होंने गरिमा शर्मा की तैयारी को आज के युवाओं के लिए एक मिसाल बताया।
दादरी ने आगे कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और पत्रकारिता जगत के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गरिमा शर्मा एक संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य करेंगी।
उपस्थित अन्य लोगों ने भी गरिमा की सफलता को उनकी मेहनत और लगन का परिणाम बताया। उनका कहना था कि छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल करना युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार मदन अरोड़ा, बालकृष्ण थरेजा, विशु वाट्स, राधेश्याम सेठी, कांग्रेस नेता मनोज सैनी, बर्फानी सेवा समिति अध्यक्ष बलदेव अरोड़ा, पूर्व सरपंच जगदीश सिंह राठौड़ और जीतू शर्मा सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने गरिमा शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
