
श्रीगंगानगर ।जिले के सादुलशहर में बुधवार सुबह पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नशा तस्कर विक्की छजगरिया के अवैध कब्जे वाले मकान पर बुलडोजर चला दिया।
सरकारी भूमि पर बना यह पक्का निर्माण पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही। बताया जा रहा है कि तस्करी के इस काम में आरोपी की पत्नी भी शामिल थी।
सादुलशहर में नशा तस्कर के घर चल रही कार्रवाई।
सरकारी जमीन पर बनाया मकान सादुलशहर थाना प्रभारी मलकियत सिंह मान ने बताया- आरोपी विक्की छजगरिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले पहले से दर्ज हैं। नशे के कारोबार से कमाई करके उसने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान खड़ा कर रखा था।
यह कार्रवाई सुबह 10 बजे मस्जिद के पास आरोपी के मकान में की गई। आरोपी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर 30×70 का मकान बना रखा है। 2 घंटे चली कार्रवाई के बाद आरोपी का मकान पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
विक्की छाजगारिया पिछले 5 सालों से नशा तस्करी का काम करता है। इसके खिलाफ जिलेभर में 5 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, इसकी पत्नी भी इसके साथ ही नशा तस्करी के कारोबार में शामिल है। फिलहाल आरोपी जेल से बाहर जमानत पर है।
नगरपालिका के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अवैध कब्जों और नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
