
श्रीगंगानगर । प्रदेश में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर परेशानी बढ़ती जा रही है। इसका असर श्रीगंगानगर में भी दिख रहा है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से होटल, रेस्टोरेंट, पीजी और ढाबा संचालक परेशान है।
इसके साथ ही घरेलू उपभोक्ता भी सिलेंडर बुकिंग के लिए एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। होटल संचालकों का आरोप है कि डिस्ट्रीब्यूटर मनमर्जी के दाम वसूल कर रहे हैं। इधर, सर्वर बंद होने से घरेलू गैस बुक नहीं हो पा रहे है। ऐसे में गुरुवार को एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई।
श्रीगंगानगर में भारत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के ऑफिस में लगी लोगों की भीड़।
ग्रामीण इलाकों में संकट कम, लेकिन ओटीपी नहीं आ रहे
हालांकि, ग्रामीण इलाकों में इसका असर काफी कम है। लोग सिलेंडर की बजाय लकड़ियां जला रहे हैं। वहीं, गैस एजेंसियों ने गैस सिलेंडर की होम डिलवरी पर रोक लगा दी है। अब डायरेक्ट डिस्ट्रीब्यूटर से सिलेंडर मिल रहे हैं। वहीं, बुकिंग भी 25 दिनों के बाद हो रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के पास मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहे।
गुरुवार को लालगढ जाटान में इण्डेन का सर्वर भी ठप रहा जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफिस में भीड़ देखने को मिली। 944 रुपए बुकिंग पर मिलने वाला गैस सिलेंडर ब्लैक में 1300 रुपए और कॉमर्शियल 2500 से 2800 रुपए तक बिक रहा है।

ग्रामीण इलाकों में होम डिलीवरी बंद कर दी गई है।
श्रीगंगानगर में बस स्टैंड स्थित केलजी होटल एंड रेस्टोरेंट के संचालक हिमांशु ने बताया- पिछले दो-तीन दिनों से मार्केट में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट में देखने को मिल रहा है। गैस कंपनियां भी मनमर्जी के रेट वसूल कर रही हैं। अगर आने वाले दिनों में सिलेंडर सप्लाई सुचारू रूप से शुरू नहीं हुई आगे बड़ी परेशानियों का सामना होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को करना पड़ेगा।
