
हनुमानगढ़ । शादी के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। एक युवक से फर्जी शादी करवाकर करीब डेढ़ लाख रुपए और गहने ठग लिए गए। दुल्हन शादी के 12 दिन बाद घर से नकदी, गहने और मोबाइल लेकर फरार हो गई। इस संबंध में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, गांव पक्कासारणा निवासी संतराम नायक ने शिकायत दर्ज कराई है। संतराम ने बताया कि उसकी पहचान नई खुंजा निवासी कुरसेदा उर्फ कुरेशा से थी। शादी न होने पर संतराम ने कुरसेदा से बात की, जिस पर कुरसेदा ने हरियाणा के रतिया निवासी सूरजपाल का जिक्र किया, जो रिश्ते करवाता है। कुरसेदा ने बताया कि सूरजपाल के पास एक लड़की है जिससे शादी करवाई जा सकती है।
परिवादी के अनुसार, कुरसेदा ने शादी करवाने के लिए करीब 1 लाख 50 हजार रुपए खर्च आने की बात कही। संतराम ने 28 जनवरी को सूरजपाल को फोनपे के माध्यम से पांच हजार रुपये भेजे। इसके बाद 29 जनवरी को उसे हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट बुलाया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में सूरजपाल, बलकारसिंह और पूजारानी एक युवती के साथ पहुंचे। युवती का नाम खुशप्रीत कौर, पुत्री मंगासिंह, निवासी मानसा (पंजाब) बताया गया। युवती ने अपने माता-पिता की मृत्यु होने की बात कही और पूजारानी को अपनी बुआ बताया। उसी दिन कोर्ट में लिखा-पढ़ी करवाकर संतराम की शादी युवती से करवा दी गई।
संतराम ने बताया कि शादी के तुरंत बाद आरोपियों ने उससे 17 हजार रुपए फोनपे के जरिए और 1 लाख 28 हजार रुपए नकद ले लिए। इसके बाद युवती को संतराम के साथ उसके घर भेज दिया गया।
पीड़ित के अनुसार, शादी के बाद युवती लगातार बीमारी का बहाना बनाती रही और संतराम से संबंध बनाने से बचती रही। 10 फरवरी की रात परिवार के सभी सदस्य सो गए। अगली सुबह करीब पांच बजे देखा तो युवती कमरे में नहीं थी और वह नकदी, गहने और मोबाइल लेकर फरार हो चुकी थी।
जांच करने पर पता चला कि वह घर में रखे 17 हजार रुपए नकद, सोने की नोजपीन, तीन सोने की मोहर, चांदी की पायल और वीवो कंपनी का मोबाइल लेकर फरार हो गई। बाद में पता चला कि शादी के दस्तावेज में लगी फोटो असली खुशप्रीत कौर की नहीं थी।
पीड़ित का आरोप है कि कुरसेदा, सूरजपाल, बलकारसिंह, पूजारानी और युवती ने मिलकर साजिश के तहत फर्जी शादी करवाई और पैसे ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की जांच की जाएगी।
