
हनुमानगढ़। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घरेलू एलपीजी गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर विरोध जताया और पीएम मोदी का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी कलेक्ट्रेट के मुख्यद्वार के सामने एकत्रित हुए। उन्होंने हाथों में खाली गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार पर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया।
‘महंगाई से जनता परेशान’ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में हालिया बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने तर्क दिया कि पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए रसोई गैस का महंगा होना सीधे तौर पर घर के बजट को प्रभावित कर रहा है।
‘सरकार महंगाई को काबू करने में पूरी तरह फेल’ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे रसोई चलाना मुश्किल हो गया है और इसका सबसे अधिक असर गरीब व मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
कलेक्ट्रेट के सामने जलाया पीएम का पुतला प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई वापस लो”, “रसोई गैस के दाम कम करो” और “केंद्र सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए। इसके बाद कलेक्ट्रेट गेट के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया गया।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो पार्टी भविष्य में और बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता को राहत दिलाने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
