
श्रीगंगानगर। रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस पदाधिकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गई और प्रदर्शन करने लग गई। विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं और युवा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की।
कलेक्ट्रेट के बाहर प्रधानमंत्री का पुतला फूंकते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूपिंदर सिंह कुन्नर ने कहा- 56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री ने अमेरिका के सामने घुटने टेक दिए हैं, जिसका नतीजा अब देश में गैस सिलेंडर की भारी कमी के रूप में सामने आ रहा है। शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है, लेकिन लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं। एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देशभर में यह संकट पैदा हुआ है।

सांसद कार्यलय से लेकर कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली गई।
जिला अध्यक्ष ने कहा- आज का यह प्रदर्शन सरकार को चेताने के लिए है। अगर जल्द ही राजस्थान सहित देश भर में गैस की कीमत व किल्लत कम नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मध्य नजर कलेक्ट्रेट के बाहर भारी पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया। इस मौके पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ईशानवीर सिंह मान, पूर्व विधायक राजकुमार, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर व अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे।
