
श्रीगंगानगर । चूनावढ़ क्षेत्र में पदमपुर–श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे पर स्थित 9ए और पदमपुर क्षेत्र के 18 बीबी टोल नाकों को हटाने की मांग को लेकर किसानों और ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। टोल संघर्ष समिति के आह्वान पर शुक्रवार को रोष मार्च निकाला गया।
सुबह करीब 12 बजे पदमपुर के शहीद भगत सिंह चौक से शुरू हुई रैली 9ए टोल नाके तक पहुंची। इस दौरान सैकड़ों किसान और ग्रामीण कारों, मोटरसाइकिलों, जीपों, ट्रैक्टरों और ट्रकों के साथ रैली में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने टोल नाकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार और प्रशासन से दोनों टोल नाके तुरंत हटाने की मांग की।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि जब तक 9ए और 18 बीबी टोल नाकों को हटाया नहीं जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। टोल संघर्ष समिति ने 17 मार्च को पदमपुर मंडी, रतेवाला बाजार को लेकर आह्वान किया जिस पर पदमपुर व रतेवाला के लोगों ने बाजार बंद करने का समर्थन किया और संघर्ष समिति ने चूनावढ़ के मुख्य बाजार को बंद रखने का आह्वान किया है। समिति के सदस्य सुखवीर सिंह फौजी ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुखजिंदर सिंह ने कहा कि “हम सभी साथी इस टोल रैली में एकजुट हैं और आगे भी समर्थन देंगे। हमारे भाजपा युवा नेता समनदीप सिंह ने भी अपना समर्थन व्यक्त किया है। साथ ही भाजपा के पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
ये प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
रैली के दौरान क्षेत्र के कई किसान नेता, ग्रामीण प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र चूनावढ़ थाना पुलिस भी अलर्ट मोड पर रही। इस दौरान चूनावढ़ थानाधिकारी आईपीएस प्रो. ज्ञानेन्द्र भारती, ग्रामीण सीईओ भूपेंद्र कुमार सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार नजर रखी। पदमपुर के शहीद भगत सिंह चौक से लेकर 9ए टोल नाके तक रैली शांतिपूर्ण तरीके से निकाली गई।
