
हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस समारोह के तहत स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। जंक्शन के सुरेशिया स्थित महाराणा प्रताप सर्किल के पास आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित सहू, विकास गुप्ता और राजेंद्र चौधरी सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लिया और आसपास के क्षेत्र में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इस मौके पर कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और बच्चों को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने जानकारी दी कि राजस्थान दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियान भी इन्हीं आयोजनों का एक हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने ऐसे अभियानों की सफलता के लिए जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
इसी क्रम में, रविवार सुबह 6 बजे ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम से शुरू होकर परशुराम चौक, जिला कलक्ट्रेट और सिविल लाइंस चौक से होते हुए वापस स्टेडियम में समाप्त होगी।
जिला कलक्टर ने इस दौड़ के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
