
हनुमानगढ़। शहर के ट्रक ऑपरेटरों के लिए रविवार का दिन खास रहा, जब ट्रक ऑपरेटर यूनियन के नये भवन का लोकार्पण विधायक गणेशराज बंसल, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, ट्रक यूनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा, जुगल किशोर राठी, संजीव गोयल सहित अन्य सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नगरपरिषद के माध्यम से बने इस भवन के उद्घाटन समारोह में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान ट्रक यूनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा, जुगल किशोर राठी और संजीव गोयल ने विधायक गणेशराज बंसल व निवर्तमान सभापति सुमित रणवां का माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटरों की वर्षों पुरानी समस्या को समझते हुए विधायक और सभापति ने इस भवन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
ट्रक यूनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा ने बताया कि पहले ट्रक यूनियन का कार्यालय गंगानगर फाटक के पास स्थित था। समय के साथ शहर के विस्तार के कारण वह स्थान शहर के मध्य में आ गया था और वह जमीन भी रेलवे की थी, जिससे यूनियन को हमेशा चिंता बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने यूनियन पदाधिकारियों से चर्चा कर उस स्थान को खाली करने और नई जगह आवंटित करवाने का आश्वासन दिया था। उसी के परिणामस्वरूप आज ट्रक यूनियन को यह विशाल और आधुनिक भवन मिला है।
उन्होंने कहा कि नगरपरिषद के माध्यम से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन में ट्रक ऑपरेटरों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शर्मा ने कहा कि यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि पूरे राजस्थान में ट्रक यूनियन का इतना भव्य और सुव्यवस्थित भवन कहीं भी नहीं है। इसके लिए उन्होंने विधायक गणेशराज बंसल और निवर्तमान सभापति सुमित रणवां का विशेष आभार व्यक्त किया।
विधायक गणेशराज बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि ट्रक ऑपरेटर किसी भी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। बंसल ने कहा कि नए भवन के निर्माण से ट्रक ऑपरेटरों को व्यवस्थित कार्यालय, बैठक और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके कार्यों में सुगमता आएगी।
निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने कहा कि यह भवन विधायक गणेशराज बंसल की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हाईवे के नजदीक ट्रक यूनियन कार्यालय बनने से ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र, जो लंबे समय से सुनसान पड़ा था, वहां भी गतिविधियां बढ़ेंगी और क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।
इस मौके पर अनिल चिन्दा, संतराम जिन्दल, सुभाष बंसल, मनीष मक्कासर, पवन चुघ, गुरजन्ट सिंह, प्रश्न सिंह, हरजीत सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद थे।
