
हनुमानगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए निजी बसों में लगी अनावश्यक और तेज रोशनी वाली एलईडी लाइटों के खिलाफ कार्रवाई की गई। शनिवार देर रात 14 मार्च 2026 को शहर के विभिन्न मार्गों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान करीब एक दर्जन निजी बसों के चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए गए।
यह कार्रवाई यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान लोक परिवहन और स्लीपर कोच बसों की विशेष जांच की गई। जांच के दौरान कई बसों में मानकों के विपरीत तेज रोशनी वाली एलईडी और एक्स्ट्रा लाइटें लगी हुई पाई गईं। यातायात पुलिस के अनुसार ये अतिरिक्त लाइटें रात्रि के समय सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं और कई बार दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ा देती हैं।
यातायात पुलिस टीम ने मौके पर ही ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान की कार्रवाई की। साथ ही बस चालकों और संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में इस प्रकार की अनावश्यक और तेज एलईडी लाइटों का प्रयोग नहीं करें। जिन बसों में ऐसी लाइटें लगी हुई पाई गईं, उन्हें 24 घंटे के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि रात के समय कई बस संचालक अपने वाहनों में अतिरिक्त एलईडी या हाई पावर लाइटें लगा लेते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों पर तेज रोशनी पड़ती है। इससे वाहन चालकों को कुछ समय के लिए सड़क दिखाई देना बंद हो जाता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यह विशेष कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुसार ही लाइटों का उपयोग किया जा सकता है। नियमों के तहत वाहन चालकों को हाई बीम का प्रयोग भी सीमित परिस्थितियों में ही करना चाहिए। शहर के अंदर या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन हमेशा लो बीम पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अन्य वाहन चालकों को असुविधा न हो और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
अभियान के दौरान बस चालकों को समझाइश भी दी गई कि शहर में प्रवेश करते ही वाहन की लाइट को लो बीम पर चलाया जाए और अनावश्यक एलईडी लाइटों का प्रयोग बिल्कुल न किया जाए। यदि भविष्य में किसी बस या अन्य वाहन में इस प्रकार की अतिरिक्त लाइटें लगी हुई पाई जाती हैं तो संबंधित वाहन चालक और संचालक के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा बस संचालकों को यह भी आगाह किया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। पुलिस ने कहा कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। यातायात पुलिस ने सभी बस संचालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में केवल मानक के अनुरूप ही लाइटों का उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
