
हनुमानगढ़ । लोकसभा आम चुनाव-2024 को मद्देनजर रखते हुए आबकारी आयुक्त राजस्थान उदयपुर के निर्देशानुसार आबकारी विभाग व टाउन पुलिस थाना की टीम ने शुक्रवार को गांव गंगागढ़, गांगाघाट, अमरपुरा थेड़ी में दबिश देकर करीब 14 हजार लीटर लाहन व 14 कच्ची भट्ठी नष्ट करने की कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि टाउन पुलिस थाना, आबकारी निरीक्षक वृत हनुमानगढ़, प्रहराधिकारी आबकारी निरोधक दल हनुमानगढ़ व संगरिया की ओर से शुक्रवार को संयुक्त रेड का आयोजन कर गांव गंगागढ़, गांगाघाट व अमरपुरा थेड़ी में दबिश दी गई। मौके पर करीब 14 हजार लीटर उतेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वास) व 16 कच्ची भट्ठी नष्ट की गई। नष्ट किए गए सामान की कीमत आठ लाख चालीस हजार रुपए बनती है। डीईओ पटावरी ने बताया कि आबकारी विभाग हनुमानगढ़ की ओर से अवैध हथकढ़ शराब की कशीदगी व बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड गश्त का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में भी यह कार्यवाही जारी रहेगी। शुक्रवार को की गई कार्यवाही में टाउन थाना की एसआई ज्योति, एएसआई दरिया सिंह, प्रकाश, हैड कांस्टेबल पुरुषोतम पचार व जाबताता, हनुमानगढ़ के आबकारी निरीक्षक पवन कुमार रेगर, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी विनोद सिंह, आबकारी निरोधक दल संगरिया के प्रहराधिकारी कमल सिंह, आबकारी अधिकारी हनुमानगढ़ कार्यालय के जमादार हुसैन खान व जाब्ताता शामिल रहा।
