
हनुमानगढ़ जिले की रावतसर पुलिस ने पेट्रोल पंप से बोलेरो चोरी के मामले में फुर्ती दिखाते हुए 4 घंटे में ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि झमनलाल उर्फ धोलू शर्मा निवासी श्योदनपुरा तहसील टिब्बी ने एचपी पेट्रोल पंप पर से गत मध्य रात्रि बोलेरो चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए पीसीआर को सूचित कर नाकाबंदी कराई गई। एएसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश के लिए भेजा गया।
एएसआई ओमप्रकाश द्वारा विजेंद्र एएसआई पुलिस थाना भिरानी से संपर्क कर तत्परता से तकनीकी सहयोग से चोरी शुदा वाहन बोलोरो गाड़ी में सवार दोनों बदमाश अंशुमन उर्फ अंशु व मोनू उर्फ लकी को सड़क आम झांसल क्षेत्र से दस्तयाब किया गया। अनुसंधान के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा बोलेरो गाड़ी जिसकी कीमत 10 लाख रुपए को बरामद किया गया।
पुलिस ने इस वारदात में प्रयोग में ली गई स्कूटी को भी आरोपियों के निशान देही पर बरामद कर लिया है। 4 घंटे में पुलिस ने चोर व चोरी की बोलेरो गाड़ी व चोरी में प्रयुक्त स्कूटी को बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में एएसआई ओम प्रकाश, हेड कॉन्स्टेबल अमर सिंह, कॉन्स्टेबल प्रमोद,संदीप व भिरानी थाना के एएसआई विजेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
