
हनुमानगढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र में आधा दर्जन बदमाशों ने पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। इस संबंध में एक नामजद और 5-6 अन्य जनों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
सदर पुलिस के अनुसार रमेश (28) पुत्र बलवंत सिंह रायसिख निवासी वार्ड 16, डबलीराठान ने लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह मार्बल मिस्त्री का कार्य करता है। वह शुक्रवार सुबह अपने पिता का खाना लेकर खेत पर जा रहा था। करीब 11 बजे अशोक के भट्ठे के पास पहुंचा तो वहां संचालित शराब के अवैध ठेके पर पम्मी पुत्र टोनीराम ओड, निवासी डबलीराठान और उसके साथ 5-6 अन्य व्यक्ति मौजूद थे। इन्होंने उसे रोक लिया व गाली-गलौज करने लगे। मोबाइल फोन छीनने लगे। उसने अपने बचाव के लिए हाथ आगे किया तो पम्मी और उसके साथियों ने दाहिने हाथ पर कापे से वार कर दिया। इससे उसकी उंगली कट गई और हाथ पर चोटें आईं। फोन करने पर उसके पिता मौके पर आ गए। पिता ने बीच बचाव किया तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।
घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने टाउन के जिला अस्पताल में जाकर अपना इलाज करवाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान एएसआई विजयसिंह को सौंपा है।
