
हनुमानगढ़ । श्री खुशालदास विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की ओर से छात्र छात्राओं के नवाचार, विकास और विज्ञान को प्रोत्साहन देने के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में 24 छात्र-छात्राओं एवं पांच स्टाफ सदस्यों ने अमृतसर, बाघा बॉर्डर, जलियांवाला बाग और कपूरथला साइंस सिटी (जालंधर) का भ्रमण किया। छात्र-छात्राओं ने साइंस सिटी कपूरथला में अपोलो मिशन चंद्रयान 1 और अंतरिक्ष यान के प्रशिक्षण प्रक्रिया के संक्षिप्त विवरण को देखा। मानव विकास का इतिहास, विभिन्न युगों में डायनासोर, जलवायु परिवर्तन होलोग्राम और बहुत सी विज्ञान की परिकल्पनाओं और संकल्पनाओं को समझा। साइंस एंपोरियम में मानव शरीर के विज्ञान और कार्यशैली के अलावा खेलों की कार्यवाही तथा पहाड़ पर चढऩे के बारे में जानकारी ली। जलवायु बदलाव थिएटर में छात्र-छात्राओं को ग्लोबल वार्मिंग और रोजमर्रा की जिंदगी में जलवायु बदलाव के बारे में 15 मिनट की वीडियो फिल्म दिखाई गई। छात्र-छात्राओं ने भूकंप थिएटर में भूकंप से संबंधित 10 मिनट की वीडियो देखी और जाना कि भूकंप कैसे आते हैं और इनसे बचाव कैसे करना चाहिए। छात्र-छात्राओं ने डायनासोर पार्क साइंस सिटी की झील का आनंद लिया। इसके बाद जालंधर हवेली में अनेक पारंपरिक वस्तुएं जिसमें कांस्य के पारंपरिक बर्तन, और पंजाब की सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया। सहायक आचार्य मनवीर कौर, राज कौर, अमनदीप कौर, मुकेश कुमार और प्रदीप कुमार ने इस भ्रमण को बहुत उपयोगी बताया।
