
हनुमानगढ़ । लोकसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही स्वीप गतिविधियों के तहत जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार व शनिवार को जिला मुखायल पर मतदाता जागरूकता खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस क्रम में जिला क्लब में क्रिकेट खेल के मुकाबले हुए। दो दिन आयोजित क्रिकेट के मुकाबलों में पुरुष वर्ग में कुल 20 व महिला वर्ग में 2 टीमों ने हिस्सा लिया। शनिवार को पुरुष वर्ग में फाइनल मुकाबला सिंचाई विभाग व राजीव गांधी स्टेडियम की टीम के मध्य हुआ। इसमें सिंचाई विभाग की टीम विजेता रही। महिला वर्ग में राजकीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र विजेता व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खुंजा उपविजेता रहा। अध्यापक अनिल पूनिया ने बताया कि इस आयोजन के जरिए 19 अप्रेल को होने वाले मतदान के लिए प्रचार-प्रसार किया गया। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से बताया गया कि वोट का बड़ा महत्व है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी मतदाताओं से अपने मत का प्रयोग करने की अपील की।
