
हनुमानगढ़। टाउन में नगर परिषद के पास स्थित धानका धर्मशाला में रविवार को प्राचीन कला केन्द्र यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की संगीत विषयक प्रायोगिक परीक्षा आयोजित हुई। जिले सहित आसपास के क्षेत्र से 225 परीक्षार्थियों ने वाद्ययंत्रों एवं गायन की प्रेिटकल परीक्षा दी। यह परीक्षा प्राचीन कला केन्द्र चंड़ीगढ़ से कृष्ण जुनेजा की देखरेख में हुई। बबलू संगीत कला केन्द्र के संचालक एलआर बबलू ने बताया कि इस प्रेिटकल एग्जाम में प्रारंभिक प्रथम से विशारद पूर्ण तक के परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। इस सत्र में बच्चों ने जो कुछ सीखा उसकी परीक्षा ली जाती है। सुबह 10 बजे से प्रेकिटकल हुए जो अपराह्न करीब 3 बजे तक चले। इसमें हनुमानगढ़, संगरिया के अलावा सुजानगढ़, राजगढ़, सरदारशहर सहित आसपास के स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। ज्यादातर छात्र-छात्राएं प्रारंभिक प्रथम, द्वितीय व भूषण प्रथम, द्वितीय व तृतीय से लेकर संगीत विशारद के थे। जून में परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।
