
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ में आज स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) राजस्थान सरकार के ब्राण्ड एम्बेसडर के.के. गुप्ता की अध्यक्षता में प्रातः 11:00 बजे नगर परिषद मुख्य कार्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में संपन्न हुई। बैठक में जिले की सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में नगर परिषद प्रशासक उम्मेदीलाल मीणा, आयुक्त सुरेन्द्र सिंह यादव, अधिशाषी अभियंता रामप्रसाद मीणा सहित रावतसर, गोलूवाला, टिब्बी, पीलीबंगा और संगरिया के अधिशाषी अधिकारी—शैलेन्द्र कुमार गोदारा, कृष्णा कुमारी, ब्रिजेश कुमार सोनी, नरेन्द्र चौधरी एवं पवन कुमार सहारण—उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर परिषद हनुमानगढ़ के समस्त अधिकारी व कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान के.के. गुप्ता ने हनुमानगढ़ नगर क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने टाउन-जंक्शन बस स्टैंड पर स्थित सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, सेंट्रल पार्क की स्वच्छता एवं सौंदर्यकरण की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ नगर परिषद की सफाई व्यवस्था अत्यंत संतोषजनक है और यदि इसी प्रकार कार्य जारी रहा तो नगर परिषद हनुमानगढ़ भी नगर परिषद डूंगरपुर की तरह प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने जिले की अन्य नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हनुमानगढ़ मॉडल को अपनाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाएं। बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और प्लास्टिक थैलियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, निजी खाली प्लॉटों की चारदीवारी करवाने, बाग-बगीचों की नियमित सफाई, सड़कों और नालियों के मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश भी दिए गए। के.के. गुप्ता ने सीवरेज कार्यों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की बात कहते हुए निर्देश दिए कि एक समय में केवल एक किलोमीटर तक ही सड़क कटिंग की जाए और उस हिस्से में कार्य पूर्ण होने के बाद ही आगे की सड़क कटिंग की जाए, ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। यह बैठक जिले में स्वच्छता अभियान को नई दिशा देने के साथ ही हनुमानगढ़ को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

