

हनुमानगढ़ । जंक्शन क्षेत्र में राजीव चौक से बस स्टैंड रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं को लेकर शनिवार को हंगामा हो गया। निर्माण में लेवल गड़बड़ी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में राजीव चौक के पास चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क किनारे लगभग 20 फीट क्षेत्र में लगाए जा रहे सीमेंट निर्मित चौकों को एक समान लेवल में नहीं बिछाया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप सड़क कहीं ऊंची और कहीं नीची बन रही है, जिससे भविष्य में आमजन व व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया।
नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने बताया कि हाल की बारिश में शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति सामने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद नगर परिषद और प्रशासन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर नहीं हैं और पुरानी गलतियों को दोहराया जा रहा है।
मक्कासर ने यह भी बताया कि जंक्शन में राजीव चौक से बस स्टैंड तक 40 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण हो रहा है। हालांकि, इसमें से लगभग 20 फीट हिस्से में सीमेंट चौके लगाकर जगह घेर ली गई है, जिससे सड़क की उपयोगिता कम हो रही है। कार्यकर्ताओं ने यह भी शिकायत की कि पिछले एक महीने से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और टूटी सड़क पर पत्थर डालकर छोड़ दिए गए हैं, जिससे आवागमन में बाधा आ रही है।
आंदोलन को तेज करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने एक और आरोप लगाया कि सीमेंट चौकों का लेवल नालियों से नीचे रखा जा रहा है। इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी प्रभावित होगी और दुकानों के सामने जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य को तकनीकी मानकों के अनुसार ठीक नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

