
श्रीगंगानगर । स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। डेयरी संचालक की सड़क पर गिरते ही मौत हो गई। युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पीछे बैठा दोस्त उछलकर करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं हादसे के बाद आरोपी स्कॉर्पियो ड्राइवर फरार हो गया।
हादसा जवाहर नगर थाना क्षेत्र में इंदिरा वाटिका के सामने रविवार (20 अप्रैल) की शाम करीब 6:45 बजे हुआ। घटना का वीडियो आज सामने आया है।
पहले देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS …
श्रीगंगानगर में इंदिरा वाटिका रोड पर स्कॉर्पियो दक्ष प्रजापति चौक से चहल चौक की ओर जा रही थी। बाइक सवार डेयरी पर जा रहा था।
बाइक के पास आते ही स्कॉर्पियो अचानक मुड़ गई और बाइक को टक्कर मार दी।
स्कॉर्पियो की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार डेयरी संचालक की सड़क पर गिरते ही मौत हो गई। पीछे बैठा उसका दोस्त भी घायल हो गया।
अचानक मोड़ की तरफ घुम गई स्कॉर्पियो
ASI मनीराम ने बताया- स्कॉर्पियो दक्ष प्रजापति चौक से चहल चौक की ओर जा रही थी। वहीं बाइक सवार डेयरी संचालक चहल चौक स्थित डेयरी पर अपने दोस्त के साथ जा रहा था। इस दौरान इंदिरा वाटिका के गेट के सामने ड्राइवर ने पहले गाड़ी को बाईं ओर सेक्टर 6-8 की तरफ मोड़ा, फिर अचानक दाईं ओर डिवाइडर कट पार करने के लिए घुमा दिया।
इस दौरान ओवरटेक कर रही बाइक को स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे।
बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन लॉक नहीं लगाया हुआ था। टक्कर के झटके से हेलमेट सिर से निकलकर दूर गिर गया, जिससे गंभीर हेड इंजरी हुई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने निजी वाहनों से दोनों को गंगानगर जिला हॉस्पिटल में पहुंचाया।

दूध सप्लाई का काम करता था युवक ASI मनीराम ने बताया- महेश शर्मा (28) निवासी 2 एमएल सरपंच कॉलोनी नाथांवाला (श्रीगंगानगर) का रहने वाला था। महेश शर्मा की चहल चौक पर डेयरी है और दूध सप्लाई का काम करता था। वह अपने पिता श्रीचंद शर्मा का इकलौता बेटा था। घायल सौरभ, कालियां गांव (श्रीगंगानगर) का रहने वाला है।
मृतक महेश के चाचा ने जवाहरनगर थाने में स्कॉर्पियो ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी स्कॉर्पियो ड्राइवर की पहचान की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया।

