
श्रीगंगानगर। राजस्थान क्रिकेट संघ एवं जिला क्रिकेट संघ, श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वाधान में ग्रीष्मकालीन प्रतिभा खोज क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर शुरू हो चुका है। आज (मंगलवार) को बिहाणी क्रिकेट स्टेडियम, सुखाड़िया सर्किल में खिलाड़ियों का फ्री रजिस्ट्रेशन चल रहा है।
शिविर में बल्लेबाजी कोच के रूप में धीरज शर्मा (बीसीसीआई लेवल-1), गेंदबाजी कोच निशान सिंह (बीसीसीआई लेवल-2), फील्डिंग कोच सुशील पूनियां (बीसीसीआई लेवल-1), जूनियर बल्लेबाजी कोच अर्जित गुप्ता (बीसीसीआई लेवल-1) और ट्रेनर प्रवीण सोनी (धोनी) की सेवाएं देंगे।
महिला प्रशिक्षण शिविर की जिम्मेदारी कुलदीप सिंह को सौंपी गई है, जबकि महिला शिविर का प्रभारी जोबनप्रीत सिंह (स्टेट लेवल अम्पायर) होंगे।
प्रशिक्षण का समय सुबह 6:30 से 8:30 बजे तक और शाम 4:30 से 7:00 बजे तक है। पुरुष खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन बिहाणी क्रिकेट स्टेडियम में धीरज शर्मा के पास निःशुल्क करवा सकते हैं, जबकि महिला खिलाड़ी रिद्धी-सिद्धी क्रिकेट एकेडमी, रिद्धी-सिद्धी-2 में जोबनप्रीत सिंह के पास रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। महिलाओं का पूरा प्रशिक्षण भी इसी एकेडमी में होगा।
23 अप्रैल को होगा सीनियर टीम चयन ट्रॉयल
कॉल्विन शील्ड प्रतियोगिता 2026-27 के लिए जिला क्रिकेट संघ, श्रीगंगानगर की सीनियर टीम का चयन ट्रॉयल 23 अप्रैल को शाम 3 बजे बिहाणी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। ट्रॉयल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सफेद पोशाक और अपना पूरा खेल सामान साथ लाना अनिवार्य है।
ये डॉक्यूमेंट साथ लेकर आएं खिलाड़ी
- जन्म प्रमाण पत्र
- मूल निवास प्रमाण पत्र
- पिछले 3 सालों की स्कूल मार्कशीट
- अपना, माता-पिता का आधार कार्ड/वोटर आईडी/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड
- एक पासपोर्ट साइज फोटो
जिला क्रिकेट संघ, श्रीगंगानगर की टीम पिछले वर्ष की उपविजेता रही है। इस बार चयनित टीम एलिट ग्रुप में खेलेगी। ट्रॉयल में प्रदर्शन के आधार पर ही जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन जिला क्रिकेट संघ की सीनियर चयन समिति करेगी।

