15 से अधिक विद्यालयों और 7 से अधिक क्लबों-अकादमियों के खिलाड़ियों ने लिया भाग, विजेताओं को किया सम्मानित

हनुमानगढ़, जिला क्वान की डो एसोसिएशन, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय हनुमानगढ़ जिला क्वान की डो चैंपियनशिप-2026 का समापन उत्साहपूर्ण माहौल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ। प्रतियोगिता में 15 से अधिक विद्यालयों तथा 7 से अधिक क्लबों एवं अकादमियों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और मार्शल आर्ट कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में नोबल इंटरनेशनल स्कूल, गोलूवाला ने प्रथम स्थान हासिल किया। समापन समारोह के मुख्य वक्ता राजस्थान स्टेट क्वान की डो के अध्यक्ष, वेस्ट जोन अध्यक्ष एवं क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य देवेन्द्र सारस्वत रहे। उन्होंने शिक्षा के साथ खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
नोबल इंटरनेशनल स्कूल गोलूवाला ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नोबल इंटरनेशनल स्कूल, गोलूवाला ने प्रथम, द्वारका देवी मार्शल आर्ट अकादमी ने द्वितीय तथा केजीएल वर्ल्ड स्कूल, रिडमलसर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता संस्थानों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। राजस्थान स्टेट टेक्निकल डायरेक्टर धनंजय सारस्वत ने आगामी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी करने और अपनी तकनीक में निरंतर सुधार लाने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर सकें।
खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास और अनुशासन
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय वन अधिकारी कपिल चौधरी उपस्थित रहे। इनके अलावा शिक्षा विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक मोहनलाल स्वामी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मानसिंह भाटी तथा केजीएल वर्ल्ड स्कूल, रिडमलसर की प्रधानाचार्य कंगना देवी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर जिला क्वान की डो एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार स्वामी, पूर्व अध्यक्ष जसकरण सिंह सोहल, आयोजन समिति अध्यक्ष दुलीचंद बरोड़, जिला सचिव संदीप कुमार और जिला कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मोहनलाल स्वामी एवं दुलीचंद बरोड़ ने राजस्थान स्टेट क्वान की डो अध्यक्ष देवेन्द्र सारस्वत का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मार्शल आर्ट के प्रति युवाओं में बढ़ रहा उत्साह
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ आत्मरक्षा के गुर सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। मार्शल आर्ट के अभ्यास से खिलाड़ियों में शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना भी मजबूत होती है। जिला स्तरीय चैंपियनशिप ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए अनुभव हासिल करने का मंच प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में ऑफिशियल रेफरी साहिल गंगानगर, अंकित चूरू, पवन कुमार झुंझुनूं, मयंक सेन, अनुज बडगूजर, प्रवीण, तनीषा, एंजल, पिंकी, वीरेंद्र और योगेश का सहयोग रहा। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, विद्यालयों, क्लबों, अकादमियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। अनुशासन हमारी पहचान, खेल हमारी शक्ति और हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों की सफलता हमारा संकल्प के संदेश के साथ चैंपियनशिप का समापन हुआ।
