
श्रीगंगानगर। पंजाबके पूर्व सहकारिता एवं सिंचाई मंत्री सज्जनकुमार जाखड़ के पौत्र जयवीर जाखड़ ने गेहूं उत्पादन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जयवीर के पडदादा चौधरी बलराम जाखड़ ने एफ.सी. कालेज लाहौर से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद पारिवारिक कृषि को ही मुख्य व्यवसाय के रूप में अपनाया था। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए जयवीर जाखड़ ने भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद पूरा समय कृषि उत्पादन को समर्पित कर दिया। बीते दिनों पंजाब कृषि विश्वविद्यालय ने पीबीडब्ल्यू 872 वैरायटी की गेहूं की गुणवत्ता को जांचते हुए जयवीर जाखड़ को सर्वश्रेष्ठ उत्पादक के रूप में सम्मानित किया था। जानकारी के अनुसार बीते पांच वर्षों से विभिन्न फसलों में गुणवत्ता के आधार पर सम्मानित किये जा रहे जयवीर जाखड़ ने इस वर्ष पीबीडब्ल्यू 826 वैरायटी में 29 क्विंटल प्रति एकड़ गेहूं उत्पादन का कीर्तिमान स्थापित किया है। उसका कहना है कि इस सफलता में कृषि वैज्ञानिकों का मार्ग दर्शन सहायक रहा है। विशेष रूप से वह डॉक्टर जे. सी. बख्शी क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र, अबोहर को इस सफलता का श्रेय देना पसंद करता है। अन्य प्रगतिशील किसानों का कहना है नि:संदेह पीबीडब्ल्यू 826 वैरायटी के गेहूं उत्पादन में जयवीर जाखड़ ने श्रेष्ठता के शिखर को छुआ है।

