
हनुमानगढ़। टाउन स्थित व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें भाषण प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में कक्षा IX-C की रिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा X-A की अदिति द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं हिंदी भाषण प्रतियोगिता में कक्षा IX-C के अवनीत ने प्रथम स्थान हासिल कर सभी को प्रभावित किया तथा कक्षा X-A की सविता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त स्वरचित कविता प्रतियोगिता में कक्षा X-A के मनन ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पृथ्वी को बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण राठौड़ ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी की सुरक्षा हम सभी का कर्तव्य है और इस प्रकार के कार्यक्रम जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

