
हनुमानगढ़। जिले में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम रही।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी में और बढ़ोतरी होगी। 25 और 26 अप्रैल को जिले में हीटवेव चलने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 29 से 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
27 को आएगा मौसम में हल्का बदलाव मौसम विभाग ने बताया कि 27 अप्रैल से मौसम में हल्का बदलाव देखा जा सकता है। इसके बाद 28 और 29 अप्रैल को आंशिक बादल छाने से तापमान में मामूली गिरावट आकर यह 39-40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
किसान, मजदूर सबसे ज्यादा परेशान इस भीषण गर्मी के बीच खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरी में लगे लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। बढ़ते तापमान के बावजूद उनका काम जारी है। वहीं, गर्मी के बावजूद जिले में स्कूलों का समय नहीं बदला गया है, जिससे छोटे बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं।
दोपहर में बाहर नहीं निकलने की सलाह गर्मी के बढ़ते प्रभाव के कारण दोपहर के समय लू जैसे हालात बन रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, धूप में अधिक देर तक रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को ढककर रखें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

