
हनुमानगढ़ ।संगरिया क्षेत्र में गेहूं की आवक बढ़ने के बावजूद खरीद केंद्रों के लक्ष्य कम निर्धारित किए गए हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर खरीद कोटा बढ़ाने की मांग की है।
बलकौर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष दीनगढ़-ढाबा खरीद केंद्र पर 26 हजार क्विंटल का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले 46,714 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। इसके बावजूद, इस वर्ष इस केंद्र के लिए लक्ष्य घटाकर 27,370 क्विंटल कर दिया गया है।
इसी प्रकार, बोलवाली केंद्र पर पिछले वर्ष 40 हजार क्विंटल का लक्ष्य था, जिसे इस बार 36,520 क्विंटल कर दिया गया है। चक हीरासिंह वाला केंद्र पर स्थिति और गंभीर है, जहां पिछले वर्ष 80 हजार क्विंटल का लक्ष्य था, जो इस बार घटाकर मात्र 5 हजार क्विंटल कर दिया गया है।
संगरिया शहर के सभी खरीद केंद्रों का कुल लक्ष्य भी पिछले वर्ष के 10.20 लाख क्विंटल से घटाकर इस बार 9.13 लाख क्विंटल कर दिया गया है। यह दर्शाता है कि क्षेत्र में संभावित गेहूं आवक की तुलना में खरीद लक्ष्य कम निर्धारित किए गए हैं।
किसान नेता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा और जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित अन्य उच्च अधिकारियों को भी ज्ञापन भेजा है।
बलकौर सिंह ने आशंका जताई है कि यदि खरीद लक्ष्य कम रहते हैं, तो किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा या उन्हें अपनी फसल कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

