
हनुमानगढ़। संत निरंकारी मिशन द्वारा शुक्रवार को बाईपास रोड स्थित निरंकारी सत्संग भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें निरंकारी भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 192 यूनिट रक्तदान किया। यह शिविर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, अनुशासन और समर्पण का विशेष वातावरण देखने को मिला।
ब्रांच संयोजक देवराज छाबड़ा ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निरंकारी मिशन के अनुयायी रक्तदान को मानव सेवा का सर्वाेच्च माध्यम मानते हैं। उन्होंने निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” को उद्धृत करते हुए कहा कि मिशन के भक्त इस विचार को व्यवहार में उतारते हुए जरूरतमंदों को जीवनदान देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन देश की अग्रणी रक्तदाता संस्थाओं में शामिल है और समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह सभी सेवाएं सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन और प्रेरणा से संचालित हो रही हैं। मिशन का उद्देश्य मानवता की सेवा करना है और इसी भावना के तहत विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
शिविर में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जो समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। पूरे आयोजन में सेवा भावना और सहयोग का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने संत निरंकारी मिशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक होते हैं। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले सेवा कार्य वास्तव में मानवता की मिसाल हैं।
आयोजन के अंत में निरकारी मिशन के सदस्य देवीलाल वर्मा ने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उक्त आयोजन में क्षेत्रीय संचालक मूलचंद त्यागी ने टीम सहित अपनी सेवाएं दी।

