
हनुमानगढ़ ! उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जन जागरूकता के उद्देश्य से आज कंज्यूमर्स कनफेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश वैष्णव का हनुमानगढ़ आगमन हुआ। इस अवसर पर सीसीआई हनुमानगढ़ इकाई की ओर से उनका भव्य स्वागत सत्कार किया गया।
स्वागत उपरांत सीसीआई एवं हनुमानगढ़ जिला उपभोक्ता संगठन द्वारा वाई नॉट कैफे में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सीसीआई के जिला अध्यक्ष श्याम सुंदर रामावत ने उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा का सफल आयोजन बताते हुए उपस्थित उपभोक्ताओं को सीसीआई से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव मुकेश वैष्णव ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए ग्राहक अधिकारों, उपभोक्ता संरक्षण कानूनों एवं उनके संशोधनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता ही शोषण के विरुद्ध सबसे बड़ा हथियार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है। स्वर्ण आभूषण खरीदने समय हॉलमार्क और खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट पर छपी हुई सूचना को जरूर पढ़ना चाहिए और किसी प्रकार की मिलावट का संदेह या शिकायत हो तो जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला रसद अधिकारी एवं राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 1915 पर शिकायत करें।
इस अवसर पर दिनेश गुप्ता, डॉ विजय शिवपाल बंसल, अनिल स्वामी, प्रवीण बंसल, मनीष, राजेश कुमार, प्रकाश दुधनी, देबू नागपाल सहित उपभोक्ता संगठन के प्रतिनिधि एवं प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।

