
हनुमानगढ़। शहर के जंक्शन क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में विद्युत विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई, जब ढीले और जर्जर तारों में शॉर्ट सर्किट होने से पूरी रात और आधा दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। इस घटना से वार्डवासियों में भारी रोष फैल गया और उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विजय टाक के नेतृत्व में विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष व वार्डवासी विजय टाक ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर मोहल्ले की खराब विद्युत व्यवस्था की जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि करीब 400 मीटर लंबी लाइन में कई स्थानों पर तारों के जोड़ हैं, जिससे लगातार स्पार्किंग होती रहती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि बीती रात अचानक तारों में जोरदार धमाका हुआ और शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति छत पर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरी रात और अगले दिन तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) को फोन करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती।
मक्कासर ने कहा कि विद्युत विभाग एक जिम्मेदार संस्था है और इस प्रकार की लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा नुकसान हो सकता है।
घटना के बाद आक्रोशित वार्डवासियों ने विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए विभाग के संबंधित अधिकारी ने तुरंत कर्मचारियों को मौके पर भेजा, जिन्होंने क्षतिग्रस्त तारों को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
प्रदर्शन में मनीष मक्कासर, विजय टाक, राजेंद्र, बलराम मास्टर, नोरंग, रामनिवास किरोड़ीवाल, भजनलाल, खानूराम, वकील सिंह, महावीर, दीपांकर, अजय, सुनील, देवीलाल सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।

