
हनुमानगढ़। गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत जंक्शन बाईपास स्थित गौशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता गौशाला अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने की, जिसमें बड़ी संख्या में गौभक्तों ने भाग लेकर गौ सेवा और गौ रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
बैठक संत गोविन्दाचार्य जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुई। इस दौरान गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, इसलिए उनके संरक्षण और सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 अप्रैल को जंक्शन के भगत सिंह चौक से एक विशाल गौमाता वाहन रैली निकाली जाएगी। इस रैली में हजारों की संख्या में गौभक्तों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। रैली के माध्यम से आमजन को गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए जागरूक किया जाएगा। यह रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराजा अग्रसेन भवन पहुंचकर संपन्न होगी।
इसके अगले दिन 27 अप्रैल को महाराजा अग्रसेन भवन में सुबह 9 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम के पश्चात सुबह 10 बजे राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इन ज्ञापनों के माध्यम से गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग प्रमुख रूप से रखी जाएगी।
बैठक के दौरान गौ सेवा, गौ रक्षा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके संरक्षण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गौभक्तों ने एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

