
श्रीगंगानगर। जिले की लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सेना के जवान के घर में घुसकर दिनदहाड़े चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरों ने चोरी किए हुए जेवरात बेचकर नशा खरीदा था। चोर नशा खरीदने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
24 मार्च को पुलिस को दी रिपोर्ट में वीरपाल कौर (53) ने बताया था- वह (वीरपाल) आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और घटना के समय ड्यूटी पर गई हुई थी। उनका लड़का हरदीप सिंह सेना में तैनात है और जम्मू में पोस्टेड है। बहू भी अपने पीहर गई हुई थी। 24 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे जब वह घर लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ था अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। मकान में चोरी हो चुकी थी।
चोर घर से सोने के कांटे, तीन सोने की अंगूठियां, सोने का कड़ा, सोने का हार सेट और अलमारी में रखा करीब 18 कैश चोरी कर ले गए। घटना के दौरान हरप्रीत सिंह व एक अन्य युवक गली में संदिग्ध हालत में घूमते हुए दिखाई दिए, जिन पर महिला को शक हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और थाना प्रभारी गुरमेल सिंह के नेतृत्व में एएसआई बाबूराम द्वारा गहन जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान हरप्रीत उर्फ हैप्पी व सुनील उर्फ कालिया के रूप में हुई। दोनों आरोपी बनवाली सादुलशहर (श्रीगंगानगर) के रहने वाले हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ज्वेलरी बेच नशा खरीदा
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना कबूल किया। उन्होंने बताया- चोरी किए गए सभी सोने के जेवरात बठिंडा के एक नशा तस्कर आकाशदीप को बेच दिए और बदले में नशीले पदार्थ ले लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

