
हनुमानगढ़। यातायात नियमों की उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। ऐसे वाहन सवारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने 8 दिन में 875 चालान किए हैं। वहीं, 21 वाहन सीज किए गए हैं।
यातायात पुलिस की ओर से 1 अप्रैल से 8 अप्रैल तक कुल 875 चालान किए गए हैं, जबकि 21 वाहन सीज किए गए हैं। कुल किए गए चालानों में ओवर स्पीड के 31, शराब पीकर वाहन चलाने पर 8, हेलमेट नहीं पहनने पर 42, काले शीशे वाले वाहनों के 86, सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 25, रेड लाइट क्रॉस करने पर 106, बिना नम्बर प्लेट वाहनों के 220, नो पार्किंग के 66, मोबाइल पर बात करने पर 11 चालान किए गए हैं।
यातायात प्रभारी ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं। साथ ही समझाइश की जा रही है। बसों में अधिक सवारियां बैठाने पर भी चालान किया जाता है। इस संबंध में स्टाफ को भी निर्देश दिए गए हैं। बस ऑपरेटरों को भी ओवरलोडिंग बसें नहीं चलाने को कहा गया है। कुछ मशीनें खराब होने के कारण ई-चालान करने में दिक्कत आ रही है।
यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क हादसों में कमी लाने के मकसद से सख्ती की जा रही है। उन्होंने गुड सेमेरिटन (अच्छा मददगार) की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने में घबराएं नहीं। सड़क दुर्घटना में घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। मदद करने वाले व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल प्रशासन की ओर से परेशान नहीं किया जाएगा। मौके पर सहायता करने पर पांच हजार रुपए का इनाम प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भद्रकाली मेले में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए दो शिफ्टें लगाई गई हैं। भीड़ बढ़ने पर और व्यवस्था की जाएगी। मेले में दारू पीकर वाहन चलाते पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में सहयोग की अपील की।
