
हनुमानगढ़।चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को टाउन पुलिस थाना परिसर में प्रदर्शन किया। डीएसपी और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को जल्द माल बरामदगी का आश्वासन देकर समझाइश की।
मोहन लोहरा ने बताया कि ग्राम पंचायत 22-23 एनडीआर में विनोद पुत्र चेतराम गोदारा के घर से चोर नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अभी तक उनसे चोरीशुदा सामान की बरामदगी नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि खेतों से कृषि यंत्र, सौर ऊर्जा की प्लेट, झटका मशीन सहित अन्य सामान चोरी की कई वारदातें भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने चोरों से चोरीशुदा सामान की जल्द बरामदगी करने की मांग पुलिस से की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों की डीएसपी राहुल यादव व थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के साथ वार्ता हुई। जिसमें काफी देर तक समझाइश का दौर चला।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों से चोरीशुदा सामान की बरामदगी कर ली जाएगी। इस पर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिन में आरोपियों से चोरीशुदा सामान बरामद नहीं किया गया तो 12 अप्रैल को टाउन पुलिस थाना के सामने बेमियादी धरना लगाया जाएगा।
