
हनुमानगढ़। नौ दिवसीय मां भद्रकाली मेला शुरू जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने की पूजा-अर्चना हनुमानगढ़। जिले के अमरपुरा थेहड़ी गांव स्थित प्राचीन भद्रकाली मंदिर में नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। मंदिर में जिला कलक्टर श्री काना राम और पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने विधिवत पूजा-अर्चना और घट स्थापना कर खुशहाली, सुख समृद्धि और शांतिपूर्वक मतदान के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवष्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि यह मेला 18 अप्रैल रामनवमी तक चलेगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि यह मेला आस्था का बड़ा केंद्र है। नवरात्र पर्व के एक दिन बाद ही देश के महापर्व लोकसभा चुनाव-2024 के तहत जिले में मतदान दिवस है। इसलिए श्रद्धालुओं से अपील है कि मतदान केंद्रों पर मतदान अवश्य करें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को पेयजल, शौच, विद्युत, चिकित्सा, सफाई, यातायात, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य निरीक्षकों द्वारा खाद्य सामग्री की जांच कराई जाए।
मेले में मतदान जागरूकता भी जिले में 19 अप्रैल को अधिकाधिक मतदान के लिए स्वीप टीम हनुमानगढ़ ने मेले में स्वीप गतिविधियों की एक स्टाॅल लगाई है। यहां श्रद्धालुओं को मतदान का संकल्प दिलाया जाएगा। उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया और मोबाइल एप की जानकारी मिलेगी। जागरूकता के लिए मंदिर परिसर में विभिन्न स्थानों पर मतदान संबंधित पोस्टर चस्पा किए गए हैं।
भंडारा और सेवा कार्य भी शुरू यहां हनुमानगढ़ सेवा समिति ने सेवा कार्यों की भी शुरुआत की। साथ ही, यहां कन्याओं को भोजन कराकर भंडारे का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आईएएस श्री प्रीतम कुमार, नोडल स्वीप अधिकारी सुश्री सुनीता चौधरी, उपखंड अधिकारी डाॅ. दिव्या ने भी पूजा अर्चना की। इस दौरान दूरदराज से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।
