
हनुमानगढ़। टाऊन में विद्युत सप्लाई सुचारू रखने के लिए ठेका व्यवस्था में एफआरटी टीम के कर्मचारियों से शहर के नागरिक परेशान हैं। फाल्ट आने पर घंटों तक विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं की जा रही हैं। नागरिकों का आरोप हैं कि एफआरटी कर्मी फाल्ट सही करने के लिए पैसों की डिमांड कर रहे हैं। रात्रि में आ रही फाल्ट समस्या भी जल्द सही नहीं हो रही हैं।
बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन बंसल के नेतृत्व में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता से मिलकर एफआरटी ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग की।
नगरमण्डल अध्यक्ष नितिन बंसल ने सहायक अभियंता मुकेश कुमार को सौंपे ज्ञापन में अवगत करवाया कि टाऊन क्षेत्र में एफआरटी कर्मियों के द्वारा अपने कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही हैं। नागरिकों की समस्याओं को सही समय पर सुलझाया नहीं जा रहा हैं। काफी स्थानों पर एफआरटी कर्मियों द्वारा पैसे लेकर कार्य किया जा रहा हैं। कुशल कर्मचारियों की बजाए अकुशल कर्मचारियों से कार्य लिया जा रहा हैं। एफआरटी कर्मी ठेकेदार की शह पर उपभोक्ताओं से लड़ाई-झगड़ा करने से भी नहीं झिझक रहे हैं। ठेके में तय शर्तों के मुताबिक काम नहीं किया जा रहा हैं। फाल्ट रिपेयरिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही हैं। नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन बंसल ने सहायक अभियंता से एफआरटी ठेकेदार को ब्लेक लिस्ट कर शहर में विद्युत व्यवस्था सुचारू करने की मांग की। यदि 7 दिनों में कार्रवाई नहीं होती हैं तो विद्युत विभाग के समक्ष प्रदर्शन और घेराव की चेतावनी दी। इस पर सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने एफआरटी ठेकेदार पर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान नगर मण्डल महामंत्री अशोक खिच्ची, राजपाल, उपाध्यक्ष सिद्धार्थ भार्गव, विनोद वर्मा, राजेंद्र वर्मा, संदीप छाबड़ा, विकास डोडा, पवन मौर्य, नरेन्द्र भाटी, नवीन भाटी, मोहित राजपूत व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

