
हनुमानगढ़ ।स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु प्रो. आरबी दुबे ने बुधवार को हनुमानगढ़ में कृषि कॉलेज एवं कृषि अनुसंधान उपकेन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों की जरूरतों के अनुरूप बीज उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कृषि कॉलेज के डॉ. हनुमान राम ने संस्थान की उपलब्धियों, अनुसंधान कार्यों और चल रही गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कुलगुरु प्रो. दुबे ने प्रतिवेदन का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि अनुसंधान उपकेन्द्र में ऐसे बीज उत्पादन कार्यक्रम संचालित किए जाएं, जो क्षेत्र के किसानों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप हों। उन्होंने प्रजनक बीज के उत्पादन में वृद्धि करने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जा सके।
कुलगुरु ने कहा कि कृषि क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों के बीच अनुसंधान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में वैज्ञानिकों को स्थानीय परिस्थितियों और फसलों की जरूरतों के अनुसार नवाचार पर ध्यान देना चाहिए। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आय में भी सुधार होगा।
निरीक्षण के दौरान प्रो. दुबे ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया और उनके शैक्षणिक अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि शिक्षा को अधिक व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए कॉलेज में आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर निदेशक मौजूद डॉ. एनके शर्मा, कृषि कॉलेज बीकानेर के अधिष्ठाता डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. चन्द्रभान, डॉ. उपेंद्र मील, डॉ. हरजिन्द्र सिंह, आरपी भड़िया तथा राकेश गोस्वामी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

