
हनुमानगढ़ ।अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एजीटीएफ, एटीएस एवं एएनटीएफ) दिनेश एमएन ने अपने 2 दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के दौरान हनुमानगढ़ पुलिस में एक अलग छाप छोड़ी। उन्होंने औपचारिक निरीक्षण के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के परिवारों से भी सीधा संवाद किया।
मंगलवार और बुधवार को हुए इस निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिस लाइन में लाइब्रेरी, जिम, आरओ प्लांट और मेस का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक उपकरण की गुणवत्ता जांची और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।
परिवारों से लिया फीडबैक जिम में उन्होंने खुद पुलअप किए, जिससे जवानों में उत्साह देखा गया। इसके अलावा एडीजी ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठकर भोजन भी किया, जिससे जवानों में आत्मीयता का माहौल बना। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिसकर्मियों के परिवारजनों से भी मुलाकात की। वे सीधे पुलिस क्वार्टरों में पहुंचे और परिजनों के साथ बैठकर उनके दैनिक जीवन, समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
इसी क्रम में पुलिस लाइन में कार्यरत महिला पुलिसकर्मी ममता के परिजनों ने एडीजी को अपने घर पर चाय पीने का निमंत्रण दिया। एडीजी दिनेश एमएन ने इस आमंत्रण को स्वीकार किया और उनके घर पहुंचकर चाय पर बातचीत की। इसके बाद उन्होंने पास में रहने वाले ड्राइवर धीर सिंह के परिवार से भी मुलाकात की। धीर सिंह की पत्नी से बच्चों के बारे में जानकारी ली और परिवार के साथ काफी देर तक आत्मीय बातचीत की। एडीजी दिनेश एमएन का यह व्यवहार अनुशासन के साथ-साथ अपनेपन का भी उदाहरण बना। अधिकारियों और जवानों के परिवारों के बीच हुए इस संवाद ने पुलिस बल में विश्वास और अपनत्व की भावना को और मजबूत किया।

