
श्रीगंगानगर ।भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी पर उनके ही एसडी बिहाणी कॉलेज में संचालित विधायक सेवा केंद्र में हमला हुआ।
बिहाणी का कहना है कि आज सुबह करीब साढ़े 11 बजे जनसुनवाई के दौरान चर्चा करने आए RUIDP (राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना) के अधिकारियों ने विधायक के साथ मारपीट की, जिसमें उनके आंख और चेहरे पर चोट आई और उनका चश्मा भी टूट गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बिहाणी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर करवाने की बात भी कही हैं।
हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि RUIDP के अफसर जब विधायक केंद्र पहुंचे तो विधायक ने गालियां देनी शुरू कर दी। दो अफसरों के साथ मारपीट की गई, इसमें एक की शर्ट फट गई, जिसे नई शर्ट लाकर दी गई। इस दौरान कर्मचारियों के फोन भी जब्त कर लिए गए।
जवाहर नगर थाने के सीआई देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि विधायक के साथ मारपीट करने के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आगे मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
विधायक बोले- RUIDP के अफसर जिम्मेदारी थोप रहे थे विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा- RUIDP और L&T कंपनी ने पूरे शहर की पानी सप्लाई को बाधित कर रखा है। पुरानी आबादी और करणपुर रोड क्षेत्र में पिछले 7 दिनों से पानी की एक बूंद नहीं पहुंच रही है। लोगों को बाथरूम जाने तक का पानी नहीं मिल पा रहा है।
इनके पास न लाइनमैन है, न वालमैन। समस्या बताने पर ये PHED पर जिम्मेदारी थोप देते हैं, जबकि PHED अधिकारी कहते हैं कि उनके पास पर्याप्त स्टोरेज है और जरूरत पड़ने पर पूरे शहर को सप्लाई कर सकते हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर विधायक सेवा केंद्र में मीटिंग बुलाई गई थी। एक्सईएन किशन धारीवाल ने सुबह 9:30 बजे और फिर 11 बजे RUIDP व L&T अधिकारियों को फोन कर बुलाया, लेकिन वे नहीं पहुंचे। जब विधायक खुद जा रहे थे, तब RUIDP के सहायक अभियंता (AEN) जगनलाल बैरवा और प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज विधायक सेवा केंद्र पहुंच गए।
AEN ने मुझ पर हमला किया, चेहरे पर मारा विधायक बिहाणी ने बताया- मैं उनसे बस इतना पूछ रहा था कि क्या आपको जनता की कोई चिंता है या नहीं? इतना कहते ही RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा ने मुझ पर हमला बोल दिया। उन्होंने मेरे चश्मे को तोड़ दिया और आंख के नीचे चोट पहुंचाई।
मैंने पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों अधिकारियों को पकड़कर ले गई। विधायक ने कहा कि दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को शिकायत करने की भी बात कही है।
डेडलाइन कब की खत्म हुई, फिर भी काम अधूरा विधायक जयदीप बिहाणी ने आरोप लगाया कि सरकार की 550 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी जल योजना की समय सीमा कब की खत्म हो चुकी है, लेकिन RUIDP और L&T का काम अभी तक अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा- पिछली सरकार में इन दोनों ने मिलकर जो भ्रष्टाचार का भट्ठा बैठाया था, अब उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर की जनता अब जागरूक हो चुकी है।
विधायक ने आगे कहा कि इन अधिकारियों पर करोड़ों रुपए की धांधली का शक है। अब सरकार को इनकी पूरी जांच करनी चाहिए।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- अफसरों की शर्ट फाड़ी, पीटा गया हालांकि RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा और L&T के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज हसन विधायक केंद्र पहुंचे तो विधायक जयदीप ने गालियां देनी शुरू कर दी। दोनों अफसरों से मारपीट की गई। इसमें जगनलाल बैरवा की शर्ट फट गई। इसके बाद दोनों के साथ जमकर मारपीट की गई। जगनलाल को नई शर्ट लाकर पहनाई गई। यही नहीं विधायक बिहाणी ने इन सभी कर्मचारियों के फोन भी जब्त कर लिए।

