
श्रीगंगानगर। जिले के चूनावढ़ कस्बे के वार्ड नंबर 10 में स्थित टावर अब स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरे का कारण बनता जा रहा है। सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी के चलते यह टावर किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
मौहल्ला वासियों का आरोप है कि टावर परिसर की चारदीवारी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और गिरने की कगार पर है। दीवार कभी भी राह चलते लोगों पर गिर सकती है, जिससे जानमाल का भारी नुकसान हो सकता है। इसके साथ ही परिसर के अंदर नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगा है, जहां खुलेआम नशा किया जा रहा है। अंदर से नशीली बोतलें, लाइटर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने से स्थिति की गंभीरता और बढ़ गई है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि टावर पर कोई चेतावनी लाइट तक नहीं लगी है, जबकि यह क्षेत्र बॉर्डर एरिया के सी-ज़ोन में आता है और यहां हवाई गतिविधियां भी होती रहती हैं। ऐसे में रात के समय हवाई दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों का कहना है कि इस टावर को तुरंत दुरुस्त किया जाए और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जाएं या फिर इसे आबादी क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए। प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार अवगत करवाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रदर्शन करने वालों में प्रकाश शर्मा, केवल शर्मा, हजारी राम कताला, राजेश कताला, दलीप कताला, विनोद कताला, राकेश घणघस, शिशपाल कताला, राजेन्द्र घणघस, सचिन कुमार, मंगतराम सिंह, अजय घणघस, रघुवीर शर्मा, राजेन्द्र सुथार सहित अनेक मोहल्ला निवासी शामिल रहे।

