
संगरिया। कस्बे में एपेक्स महिला क्लब की राष्ट्रीय समन्वयक नीलम सोनी के नेतृत्व में गुरुवार को एक दिवसीय व्यापार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य महिला एवं युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना रहा। मेले में हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर सहित हरियाणा के सिरसा तथा पंजाब के अबोहर, मलोट और रामपुरा से आए उद्यमियों ने हिस्सा लेकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। करीब तीन दर्जन से अधिक स्टॉल्स पर बुटीक, हैंडलूम उत्पाद, कृत्रिम आभूषण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सौंदर्य उत्पाद, हस्तशिल्प, क्रॉकरी और खाद्य सामग्री लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अधिकांश स्टॉल युवा एवं महिला उद्यमियों की ओर से लगाए गए थे, जो घर से ही अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। मेले का शुभारंभ सरोज सोनी, उपखंड अधिकारी जय कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व पालिकाध्यक्ष नत्थूराम सोनी, जय सोनी, अग्रवाल महासभा अध्यक्ष डॉ. संजय जिंदल, हिमांशु जैन, डॉ. राकेश सहारण, सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी शिवचरण वर्मा, भूपेंद्र सिंह सुधाकर, स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ के श्याम मिड्ढा, शिक्षाविद अंजनी परिहार, आईएमए के डॉ. महेंद्र सिंह एवं भजन गायक अमित गोस्वामी की ओर से किया गया। दिनभर चले इस आयोजन में क्षेत्रभर से लोगों की अच्छी भागीदारी रही। आगंतुकों ने न केवल खरीदारी की, बल्कि उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों और कार्यशैली की जानकारी भी ली। ऐलनाबाद से अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष रूपा गिगोरनी, मंजू जैन, सशक्त नारी संस्थान हनुमानगढ़ की अध्यक्ष मिताली अग्रवाल, एपेक्स क्लब संगरिया की अध्यक्ष सुंदरी सोनी, अग्रवाल महिला मंडल संगरिया की अध्यक्ष सुमन अग्रवाल, प्रेम बंसल, रीना बंसल, इनरव्हील क्लब अध्यक्ष ललिता ऐरी, रेणु जैन, सुमन बंसल, सीमा चगती तथा माहेश्वरी महिला मंडल अध्यक्ष विम्पल गृहणी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से घर से कार्य कर रही महिलाओं के लिए यह मेला एक मजबूत मंच साबित हुआ, जहां उन्होंने अपने हुनर और उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में एपेक्स क्लब हनुमानगढ़, सूरतगढ़, मंडी डबवाली सहित विभिन्न स्थानों से अतिथियों की उपस्थिति रही। पूरे दिन मेले में उत्साह का माहौल बना रहा और नागरिकों ने इसका भरपूर आनंद लिया।

